खाना' शरीर की मूलभूत जरूरत से अलग अब लोगों के मन को तृप्त करने वाली चीज बन चुका है। कुछ लोग भूख लगने पर खाते हैं, जबकि कुछ लोग सिर्फ भोजन को चखने के लिए खाते हैं। हालांकि, इन सबके बीच अगर आपसे पूछा जाए कि क्या आप पौष्टिक आहार का सेवन करते हैं, तो हो सकता है कि आप थोड़ी देर के लिए सोच में पड़ जाएं। यह एक गंभीर विषय है, इसलिए बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस पर विचार करना जरूरी है। आइए जानते हैं स्वास्थ्य के लिए अच्छा खाना क्या है और स्वस्थ भोजन के फायदे क्या-क्या हैं।
इस लेख की शुरुआत इस सवाल से करते हैं कि स्वस्थ आहार क्या है? आप में से कई लोगों के मन में यह दुविधा चलती होगी कि आज के वक्त में स्वस्थ भोजन जैसी चीज न के बराबर है और अगर है भी, तो वो शायद स्वाद में अच्छी न लगे। इसलिए, नीचे हम आपको स्वस्थ आहार के बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं।
स्वस्थ आहार क्या है
स्वस्थ आहार का मतलब ऐसे खाद्य पदार्थों से है, जो विटामिन, मिनरल, आयरन, प्रोटीन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। आहार जो आपको सेहतमंद और तंदुरुस्त रखने का काम करें और आपको बीमारियों से दूर रखें। स्वस्थ आहार को पांच श्रेणी में बांटा जा सकता है(1) :
- हरी सब्जियां और फलियां
- फल
- मीट-मछली, पोल्ट्री उत्पाद
- अनाज
- दूध उत्पाद जैसे – पनीर, दही
लेख के आगे के भाग में जानिए कि स्वास्थ्य के लिए अच्छा खाना खाने से क्या-क्या फायदे हो सकते हैं।
स्वस्थ आहार के फायदे – Benefits of Eating Healthy Food in Hindi
स्वस्थ आहार के फायदे अनेक हैं जिन्हें हम निम्नलिखित बिंदुओं के माध्यम से जान सकते हैं –स्वस्थ भोजन करने से न सिर्फ आपका शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि आपका दिमाग भी तेज होता है(2)।
- स्वास्थ्य के लिए अच्छा खाना खाने से शरीर मजबूत होता है।
- स्वस्थ आहार हड्डियों को मजबूत रखते हैं।
- पौष्टिक भोजन गर्भावस्था के दौरान एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं।
- हरी-सब्जियां और फल मोटापा, कैंसर, डायबिटीज, ह्रदय रोग जैसी गंभीर शारीरिक समस्याओं से बचाव करते हैं। (3)। खासकर वो खाद्य पदार्थ जिसमें फ़ाइबर की अधिक मात्रा होती है (4)।
पोटैशियम युक्त खाद्य पदार्थ के सेवन से किडनी स्टोन और ब्लड प्रेशर का खतरा कम हो सकता है(4)।
आगे हम आपके साथ स्वस्थ आहार चार्ट की एक सूची शेयर कर रहे हैं।
स्वस्थ आहार का नमूना चार्ट – Sample Healthy Diet Chart in Hindi
नीचे हम आपके साथ स्वस्थ भोजन का आहार चार्ट शेयर कर रहे हैं, हालांकि यह आपके लिए एक उदाहरण के तौर पर साझा कर रहे हैं। इस चार्ट में बताए गए खाद्य पदार्थों में आप अपने अनुसार बदलाव भी कर सकते हैं।
खाने का वक्त | क्या खाएं |
---|---|
सुबह उठते ही – 6 से 7 बजे के करीब | संतरा, नींबू, मोसंबी या किसी अन्य फल का सेवन करें, जो आपको सूट करे |
नाश्ता – 8 से 10 बजे के बीच | मांसाहारी – ब्राउन ब्रेड – ओमलेट या उबला अंडा या शाकाहारी – कम तेल वाला पराठा, पोहा या उपमा और साथ में चाय, कॉफी या ग्रीन टी। |
ब्रंच – 11 से 12 बजे के बीच | अपनी पसंद का कोई मौसमी फल या एक कटोरा फलों का सलाद और कुछ संतुलित मात्रा में ड्राई फ्रूट (बादाम, काजू, किशमिश आदि)। |
दोपहर का खाना – 1 से 2 बजे के बीच | मांसाहारी – संतुलित मात्रा में दाल, चावल, मछली/अंडा/चिकन करी, दो से तीन रोटी और सलाद। शाकाहारी – दो से तीन रोटी, दाल, थोड़ा चावल, एक मिक्स सब्जी या अपने पसंद की सब्जी, सलाद और दही । |
शाम का नाश्ता 4 से 5 बजे के बीच | हर्बल टी या कॉफी और साथ मूंगफली, मखाने, मुरमुरे या फिर उबले चने का सेवन कर सकते हैं। |
रात का खाना 10 से 11 बजे के बीच | मांसाहारी – तीन से चार रोटी और अंडा या चिकन या मछली करी, सलाद । शाकाहारी – तीन से चार रोटी, एक सब्जी, दाल, सलाद। |
सोने से पहले | एक गिलास गरम दूध, मन करे तो आप दूध में इलायची या हल्दी भी डाल सकते हैं। |