बस्ती: शुक्रवार को दुबौलिया थानाक्षेत्र के पिठिया लश्करी गांव में एक व्यक्ति द्वारा अपने खेत के निकट कुछ लोगों के सहयोग नीलगाय काटने की सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके पर खून के निशान और रस्सी मिली। पुलिस ने मामले में चार लोगों को नामजद व कुछ अन्य अज्ञात के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया मोबाइल पर उन्हें नील गाय काटने की सूचना मिली। वह मौके पर पहुंचे तो वहां गांव के ही कुछ लोगों द्वारा नीलगाय को काटे जाने की बात बताई गई। मौके से सभी आरोपित फरार हो चुके थे, लेकिन उस जगह पर खून के निशान और रस्सी पड़ा मिला। आरोपित मांस लेकर फरार हो गए थे। उप निरीक्षक सुदीप कुमार यादव के तहरीर पर सफरुत, ननिहा, चांदशाह, दुबरी निवासीगण पिठिया लश्करी व कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। गांव के अजीत सिंह ने बताया इस गांव में अक्सर कुछ लोग नीलगाय का शिकार करते रहते हैं।.